सीतापुर। भीषण ठंड में शेल्टर होम तक पहुंचने के लिए जरूरतमंदों को चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। नगर पालिका इस बार मुसाफिरों को ई-रिक्शा के माध्यम से शेल्टर होम तक पहुंचाएगा। इसके बदले मुसाफिरों से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। नगरपालिका ने इसके लिए टोल फ्री नंबर जारी कर दिया है। यह व्यवस्था तत्काल प्रभाव से शुरू कर दी गई है। ठंड में लोगों को बचाने के लिए नगरपालिका ने शहर में चार रैन बसेरे बनाए हैं। साथ ही कोट कजियारा मोहल्ला में स्थाई रैन बसेरा बनाया गया है। इस बार लोगों को रैन बसेरे तक पहुंचने के लिए कोई परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी। स्थाई रैन बसेरा कोट कजियारा मोहल्ले के अंदर होने से वहां पर रात में आने-जाने में दिक्कत होती थी। अब यह समस्या दूर हो गई है। नगरपालिका ने इसके लिए एक ई-रिक्शा चलवाया है। इस ई-रिक्शा के पीछे एक मोबाइल नंबर प्रदर्शित किया गया है। इस नंबर पर कॉल करने पर ई रिक्शा जरूरतमंद को रैन बसेरे तक पहुंचाएगा। यह ई-रिक्शा रोडवेज बस स्टेशन व रेलवे स्टेशन के पास मौजूद रहेगा।