कासिमपुर मे संडीला मल्लावां मार्ग पर ग्राम निर्मल पुर के जय सुभाष डिग्री कॉलेज के पास तीव्र गति से आ रहे ट्रक की टक्कर से 18 वर्षी छात्र की मौके पर दर्दनाक मृत्यु हो गई। आक्रोशित लोगों ने जाम लगा दिया, दोनों तरफ लंबी वाहनों की लाइन लग गई। मिली जानकारी के अनुसार थाना कासिमपुर के अंतर्गत संडीला मल्लावा मार्ग पर अपराह्न पीवीआर इंटर कॉलेज का छात्र हर्ष जयसवाल पुत्र अनिल जायसवाल निवासी कहली उम्र 18 वर्ष साइकिल से स्कूल से वापस घर आ रहा था, इसी दौरान तेज गति से अनियंत्रित ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया, आसपास के लोगों ने परिजनों को सूचना दी, मौके पर ही उसकी मृत्यु हो गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को मुख्य मार्ग पर रखकर जाम लगा दिया। आनन फानन में कई थानों की पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। दोनों तरफ जाम के कारण वाहनों की कतारे लग गई। ग्रामीणों के अनुसार इस मार्ग की पटरी पूरी तरह से खत्म हो गई है। पैदल व साइकिल चालकों के आगमन में काफी मुश्किल होती है। दोनों तरफ की झाड़ियों के कारण आए दिन सड़क दुर्घटनाएं घट चुकी है। कई लोग गंभीर रूप से घायल हो चुके हैं। कई लोगों की जान चली गई। प्रशासन से कई बार पटरी मरम्मत व झाड़ी कटवाने की मांग की, परंतु कोई कदम नहीं उठाया गया। जिसके चलते घटनाओं पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। इस मार्ग पर कई इंटर कॉलेज, डिग्री कॉलेज हैं। हजारों छात्रों का प्रतिदिन आवागमन रहता है। थोड़ी सी चूक से व्यक्ति की जान चली जाती है, लोगों में काफी गुस्सा आक्रोश है।