बेनगंज कोतवाली बेनीगंज क्षेत्र के अटरा गांव निवासी रामविलास पुत्र स्वर्गीय बादल ने बुधवार को कोतवाली में तहरीर दी है। बताया है नौ नवंबर को रात 8:30 बजे मेरा लड़का बबलू उम्र करीब 33 वर्ष अपनें दरवाजे के बाहर खड़ा था। तभी एक आवारा कुत्ता गलियारे की तरफ से भागते हुए आया लड़के बबलू के दाहिने हाथ की दो उंगलियों में काट लिया। उसके बाद मैंने उपचार हेतु लड़के को सी.एच.सी. अहिरोरी पर ले जाकर कुत्ते काटने वाला पहला इंजेक्शन 10 नवंबर को दूसरा 14 व तीसरा 18 नवम्बर को लगवाया। उसके बाद दिनाँक 5 दिसम्बर को रात करीब 2 बजे लड़का बबलू कुत्ता भौंकने जैसी आवाज में जोर - जोर से चिलानें लगा। तभी रात में जिला अस्पताल हरदोई को ले गया जहां चिकित्सकों ने लखनऊ मेडिकल कॉलेज के लिए रिफर कर दिया। जहां मेडिकल कॉलेज उपचार होने के कुछ समय बाद चिकित्सकों ने जवाब दे दिया। लड़के को वापस घर ले आया। 5 दिसंबर रात के समय लगभग 10:30 बजे लड़के का देहांत हो गया। मृतक बबलू के चार बच्चे हैं। दो भाइयों में बबलू बड़ा है। घर का पूरा कार्यभार बबलू की देखरेख में होता था। पिता ने शासन प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है। उपरोक्त मामले पर कोतवाली प्रभारी उमाकांत दीपक ने बताया तहरीर प्राप्त हो गई है पंचनामा भरकर जिला विच्छेदन गृह भेज दिया गया है।