मसौधा। पूरा कलंदर थाना क्षेत्र के अबनपुर सरोहा गांव में मंगलवार सुबह करीब 9:30 बजे हुए गोली कांड में पोस्टमार्टम के उपरांत मृतक का शव घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक की मां बहन व पत्नी सहित अन्य परिजन दहाड़े मारकर रोने चिल्लाने लगे। वहीं दूसरी तरफ परिजनों ने सुरक्षा व न्याय तथा आरोपियों को फांसी की सजा देने की मांग को लेकर ज्ञापन देने हेतु जिलाधिकारी व एसएसपी को मौके पर बुलाकर विभिन्न मांगों का ज्ञापन सौंपने के बाद ही अंतिम संस्कार करने पर अड़ गए। जिसके चलते करीब 3:30 घंटे तक अंतिम संस्कार नहीं हो सका। तत्पश्चात मौके पर पहुंचे उप जिलाधिकारी सोहावल मनोज कुमार श्रीवास्तव व पुलिस क्षेत्राधिकार अयोध्या शैलेंद्र प्रताप गौतम, सीओ शैलेंद्र सिंह के घंटे भर मान मनोव्वल के बाद परिजन अंतिम संस्कार को तैयार हुए। तत्पश्चात मृतक के पिता समर बहादुर सिंह द्वारा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित ज्ञापन सौंपा। जिसमें मांग की गई कि परिजनों को सुरक्षा की मांग, हत्या के आरोपियों को कड़ी की सजा दिलाए जाने सहित मृतक की गर्भवती पत्नी को आर्थिक सहायता दिलाने सहित विभिन्न मांगों का उनका ज्ञापन उप जिला अधिकारी सोहावल व सीओ अयोध्या को सौंपा।