"गांवों के विकास के लिए मिले साढ़े तीन करोड़, गांव की आबादी के हिसाब से होगा आवंटन" मिल्कीपुर, अयोध्या। मिल्कीपुर तहसील क्षेत्र के तीनों ब्लाकों में पंचायती राज विभाग द्वारा टाइड ग्रांट का फंड भेजा गया है। इस फंड से ग्राम पंचायतों में नाला- नाली एवं शौचालय निर्माण का कार्य किया जाएगा। डीपीआरओ ने बताया कि शासन ने पंचायती राज विभाग को टाइड ग्रांट के तहत तीन करोड़ 61 लाख 13 हजार 314 रुपए की राशि निर्गत की है। जल्द ही सभी ग्राम पंचायतों के खाते में आबादी के हिसाब से धनराशि भेजी जाएगी। जिससे ग्राम पंचायतों में विकास का काम शुरू हो सके। ग्राम पंचायतों में नाला -नाली एवं शौचालय तथा अन्य विकास के लिए 15 वें वित्त आयोग की व्यवस्था की गई है। बताया गया कि गांव में विकास के लिए प्रदेश सरकार समय-समय पर टाइड ग्रांट व अनटाइड ग्रांट के जरिए धनराशि मुहैया कराती है। टाइड ग्रांट में नाला- नाली शौचालय व साफ- सफाई को बढ़ावा देने के लिए कार्यों को कराया जाता है।