अयोध्या।आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के मुख्य क्रीड़ा प्रक्षेत्र में तीन दिनों तक चलने वाले पारंपरिक खेलकूद प्रतियोगिता का शनिवार को शुभारंभ हुआ। विवि के कुलपति डा. बिजेद्र सिंह ने फीता काटकर एवं खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। तीन दिनों में कुल 13 प्रकार की खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। प्रतियोगिता का पहला कबड्डी मैच पुरुष वर्ग में पिंक और यलो हाउस के बीच खेला गया जिसमें पिंक हाउस ने 40 प्वाइंट हासिल कर यलो टीम को पराजित कर दिया। दूसरा मैच रेड व पर्पल हाउस के बीच खेला गया जिसमें रेड हाउस ने 54 प्वाइंट के साथ पर्पल हाउस को करारी शिकस्त दी और पर्पल को 21 अंक पर ही संतोष करना पड़ा। वहीं दूसरी तरफ महिला वर्ग में पहला कबड्डी मैच रेड और ब्लू हाउस के बीच खेला गया जिसमें ब्लू ने 15 अंक हासिल कर अपनी जीत दर्ज कराई और रेड हाउस 9 अंक ही हासिल कर सकी। दूसरा मैच पर्पल व ग्रीन हाउस के बीच खेला जाना था लेकिन ग्रीन हाउस के समय पर नहीं पहुंचने पर पर्पल हाउस को विजेता घोषित कर दिया गया। खबर लिखने तक दो टीमों के बीच खो-खो प्रतियोगिता जारी थी।