श्रीराम, जय राम, जय जय राम का जयघोष गुरुवार को परिक्रमा कर रहे हर श्रद्धालु के आध्यत्मिक ऊर्जा का संचार कर रहा था। रामनाम की धुन में तल्लीन श्रद्धालुओं ने 15 किलोमीटर परिधि की नंगे पांव नाप दी। एडीएम सिटी सलिल कुमार पटेल ने बताया कि लाखों श्रद्धालुओं ने पंचकोसी परिक्रमा की। देवोत्थानी एकादशी लगते ही बुधवार रात 9:25 बजे शुभ मुहूर्त पर परिक्रमा पथ आस्था का जो सैलाब उमड़ा वह गुरुवार शाम 7:21 बजे तक चलायमान रहा। लगभग 24 घंटे चली इस परिक्रमा में श्रद्धालुओं ने आस्था के महासागर में डुबकी लगायी। जिला व पुलिस प्रशासन के अधिकारी भी परिक्रमा पथ पर भ्रमणशील रहे व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे। पंचकोसी परिक्रमा में आस्था के अलग-अलग रंग देखने को मिले।
