पूराबाजार, अयोध्या। ब्लॉक क्षेत्र अंतर्गत रसूलाबाद के सुबटहा चौराहा पर आयोजित आठ दिवसीय साकेत महोत्सव में चौथा दिन अवध और अवधि को समर्पित रहा। कार्यक्रम में अवधी कवि सम्मेलन, प्रतिभा सम्मान समारोह, सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रतियोगिता, जादू प्रदर्शनी व रामलीला मंचन का आयोजन हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय कवि सम्मेलन के साथ हुआ। कवि सम्मेलन के प्रभारी दुर्गेश दुर्लभ के निर्देशन में देश के ख्याति प्राप्त कवि गीत ऋषि ज्ञान प्रकाश आकुल, सुनीता पाठक, अंकुर पाठक, कात्यायनी उपाध्याय ने कविताएं पढ़कर लोगों की खूब वाहवाही लूटी। संचालन राष्ट्रीय कवि वेद प्रकाश प्रचंड ने किया। कार्यक्रम में मशहूर जादूगर गोपी विश्वकर्मा ने अपना जलवा बिखेर कर लोगों को मंत्र मुग्ध कर दिया। इसी के साथ महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों में अवध क्षेत्र के तमाम कलाकारों ने अपनी अवधी प्रस्तुति किया। अवधी लोक गायक हरिओम तिवारी, रविंद्र गौरव जैसे दिग्गज कलाकारों के साथ तमाम कलाकारों ने भी अपने गायन से लोगों का ध्यान आकर्षित किया।