लहलहाती फसलों को देखकर किसानों का सीना हो रहा चौङा। शेखपुरा।। इस वर्ष खरीफ एवं रबी फसल की पैदावार पर रब की छत्रछाया बनी हुई है। यदि इसी तरह भगवान की छत्रछाया किसानों के उपर बनी रही तो इस बार किसानों को बेहतर उपज की उम्मीद जताई जा रही है। बताते चलें कि खरीफ फसल के वक्त भी समय समय पर बारिश हुई। इसी तरह से रबी फसल के वक्त मौसम ने भरपूर साथ दिया। फसल को कभी किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ। खेतो में रबी फसल की अच्छी उपज को देख किसान काफी खुश दिखाई दे रहे है।खेतों में सरसों मसूर,मटर चना गेहूं की फसल लहलहा रही है। यदि मौसम साथ दिया तो इन सभी फसलों को पूर्ण तरीके से तैयार होने में अभी लगभग पंद्रह से बीस दिनों की समय लग जायेगा। हालांकि कहीं-कहीं किसान सरसों की कटाई में लग गए है। किसान बताते है कि इस बार मौसम मेहरबान रहा तो पैदा से घर भर जायेगा। पिछले वर्ष रबी फसल के वक्त मौसम साथ नहीं देने के कारण पैदावार बहुत कम हुआ था। घाटकुसुम्भा प्रखंड के किसान महेंद्र यादव, कपिल महतो, चंदन सिंह,, दिलीप सिंह, विनय महतो, बीरेंद्र साव, नरायण राम, संतोष कुमार, दिलीप साव सहित कई किसानों ने बताया कि मसूर, गेहूं व सरसों की फसल को देखकर मन गदगद हो गया है। मौसम साथ दिया तो मसूर , सरसों व गेहूं की अच्छी पैदावार से कोठी भर जाएगी। अभी तक मौसम एवं भगवान की किसानों के ऊपर बहुत अच्छी कृपा बनी रही है। फिलहाल अभी मौसम साथ दे रहा है।