भक्ति गीतों के साथ भगवान भास्कर की प्रतिमा का हुआ विसर्जन। शेखपुरा।। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के मौके पर घाटकुसुम्भा प्रखंड के विभिन्न छठ घाटों पर स्थापित भगवान भास्कर की प्रतिमाओं का विसर्जन मंगलवार को बड़े ही धूम धाम से किया गया। इस दौरान डीहकुसुम्भा गांव के छठ पूजा समिति के सदस्यों द्वारा गाजे बाजे के साथ भगवान सूर्य के प्रतिमाओं को कांधे पर उठाकर पूरे गांव में घुमाया गया। इस दौरान भगवान भास्कर की पूजा अर्चना करने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ी रही। इसके पहले पूजा समिति के द्वारा हवन पूजन किया गया और 108 कुमारी कन्याओं का ज्योनार करवाया गया। बता दें कि घाटकुसुम्भा प्रखंड के डीहकुसुम्भा,गगौर, भदौसी सहित कई गांवों में विभिन्न पूजा समितियों के द्वारा सूर्य प्रतिमा स्थापित कर पूजा अर्चना किया जाता है। जहां डीहकुसुम्भा गांव में मंगलवार को छठ पूजा समिति के द्वारा एक विशाल जुलूस निकाला गया तथा डीजे की धून पर नाचते गाते सदस्यों ने प्रतिमाओं को नदी पोखरों में विसर्जित किया। जानकारी के अनुसार छठ पूजा पर प्रतिमा रख पूजा की जाती है। जिसका विसर्जन छठ के बाद किया जाता है। विसर्जन के दौरान पूजा समिति के सदस्यों का उत्साह देखते ही बनता था। इस दौरान पूजा समिति के सदस्यों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण भी विसर्जन जुलूस में शामिल था।