विधिक सेवा दिवस पर जिले भर में लगाया गया जागरुकता शिविर। शेखपुरा।। गुरुवार को माननीय जिला एवम सत्र न्यायधीश श्री दिग्विजय कुमार के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार शेखपुरा के द्वारा जिलेभर में विधिक सेवा दिवस मनाया गया। यह जानकारी देते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव श्री सितेश कुमार ने बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकार जिले में निःशुल्क कानूनी सहायता योजना के बारे में जागरुकता फैलाने के लिए जिले के विभिन्न स्कूलों व पंचायतों में लोगों को जागरूक किया गया। इस अवसर पर पैरा लीगल वालंटियर्स के द्वारा पूरे जिले में विधिक जागरूकता शिविर लगाकर लोगों के बीच मुफ्त कानूनी सहायता योजना के बारे में जागरुकता फैलाई। साथ हीं सभी को जिला विधिक सेवा प्राधिकार के कार्यों एवं 9 दिसम्बर को आयोजित होने वाले लोक अदालत के बारे में जानकारी दी गई। इस मौके पर विधिक सेवा प्राधिकार शेखपुरा द्वारा विभिन्न स्कूलों के बच्चों के बीच जिला स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित की गई जिसमें प्रथम द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। उन्होंने बताया कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से जिला विधिक सेवा प्राधिकार सभी के लिए न्याय तक पहुंच को बढ़ावा देने और सुनिश्चित करने की अपनी प्रतिबद्धता को बढ़ाता है। इस पहल का उद्देश्य व्यक्तियों को उनके अधिकारों और उन तरीकों के बारे में जानकारी देकर सशक्त बनाना है जिनके माध्यम से वे वित्तीय बाधाओं के बिना कानूनी सहायता प्राप्त कर सकते हैं। कानून और समुदाय के बीच की दूरी को पाटकरए जिला विधिक सेवा प्राधिकार एक अधिक न्यायपूर्ण और न्यायसंगत समाज बनाने की आकांक्षा रखता है। जिसका मुख्य उद्देश्य समुदाय को मुफ्त कानूनी सहायता योजना के बारे में जागरुक करना है। मुख्य रूप से समाज के कमजोर वर्गों को लक्षित करना। इन वर्गों में महिलाएं, विकलांग व्यक्ति, अनुसूचित जनजाति, बच्चे अनुसूचित जाति मानव तस्करी के शिकार और प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित लोग शामिल हैं।