शेखपुरा।। नगर परिषद क्षेत्र के सार्वजनिक अरघौती धाम मंदिर परिसर में जयगुरुदेव आश्रम के राष्ट्रीय उपदेशक शतीशचंद्र जी के द्वारा शनिवार को अध्यात्मिक सत्संग का आयोजन किया गया।इस दौरान भारी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। आयोजित सत्संग में संस्था के राष्ट्रीय उपदेशक सतीश चंद्र महराज ने कहा कि संत- महात्माओं का जन्म दूसरों की भलाई के लिए होता है और वे आपसी प्रेमभाव का संदेश देते हैं। उन्होंने कहा कि आज कई लोग इंसानियत, मानवता को भूलकर अनैतिक कामों में लग जाते हैं जिससे सुख-शांति चली जाती है। अगर इंसान संतों की बात मानकर धर्म के रास्ते पर चलता रहे तो जीवन में कभी परेशानी नहीं आएगी। लेकिन आज इंसान भौतिक सुखों के चक्कर में अच्छी बातों को भूल रहा है। यही दुख का कारण बनता है। उन्होंने कहा कि गुरु महाराज ने बहुत पहले इन बातों को बता दिया है। संतों की एक भी बात झूठ होने वाली नहीं है। बताया कि जब तक लोग शाकाहार नहीं अपनाएंगे तब तक मुसीबत खत्म होने वाली नहीं है। इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष हरिनंदन यादव, जिलाध्यक्ष दिनेश राम, जलधारी यादव, नरेश राम, मौनी देवी, सावित्री देवी, शशिभूषण राय, सहित सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।