लोकसभा चुनाव से ठीक पहले भारतीय जनता पार्टी ने राष्ट्रीय स्तर पर गांव चलो अभियान की शुरूआत की। इस अभियान के तहत पार्टी नेता, कार्यकर्ता प्रत्येक गांव-गांव में जाएंगे और वहां ग्रामीणों के बीच केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार करेंगे। पिछले 10 वर्षो में केंद्र में नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री रहते हुए कौन-कौन से बड़े कार्य हुए और ऐसी कौन सी योजनाएं चली। जिनसे व्यापक स्तर पर लोगों को फायदा मिला। इन सब बातों को साझा करने के लिए पार्टी के राष्ट्रीय स्तर पर गांव चलो अभियान की शुरुआत की गई है। इसी के निमित्त शनिवार को भाजपा वीरपुर एवं बसंतपुर के कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र के विभिन्न गांवों में जाकर केंद्र सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। जानकारी देते हुए नगर अध्यक्ष वीरपुर अभय जैन एवं बसंतपुर अध्यक्ष आशीष देव ने कहा कि भाजपा द्वारा देश के सभी राज्यों में गांव चलो अभियान चलाया गया है। जिसके तहत भाजपा कार्यकर्ताओं को हर गांव, हर गली मोहल्ला तक जाना है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा इस अभियान से जुड़े कार्यकर्ताओं से 12 फरवरी को वर्चुअल माध्यम से संवाद करेंगे। इस अभियान के तहत हर मंडल में बूथ स्तर तक कार्यकर्ता जाकर लोगों से संपर्क करेंगे तथा केंद्र सरकार की योजनाओं में उपलब्धियों की जानकारी देंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का मानना है कि भारत, विकसित गांवों के साथ ही विकसित हो सकता है। गांव चलो अभियान के तहत गांवों में जनता से प्रवास के माध्यम से संपर्क करना है। मौके पर राजेश सिंह, संजीत सिन्हा, अजय सिंह, सुशील कुमार आदि लोग उपस्थित रहे।