छातापुर प्रखंड उपप्रमुख पर लगाया गया अविश्वास प्रस्ताव खारिज हो गया। जानकारी देते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी रीतेष कुमार सिंह ने बताया कि पंचायत समिति सदस्य अशोक कुमार दास सहित अन्य पंसस के द्वारा प्रखंड प्रमुख को आवेदन देकर उप प्रमुख संजय कुमार के प्रति अविश्वास प्रस्ताव लाया गया था। आवेदन के आलोक में प्रखंड प्रमुख आशिया देवी द्वारा अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा को लेकर बुधवार को विशेष बैठक बुलाई गई थी। प्रखंड प्रमुख की अध्यक्षता में 11 बजे तय सीमा से बैठक प्रारंभ हुई। तीन घंटे तक एक भी पंसस सदन नहीं पहुंचे। दो बजे अधिकारियों ने कोरम पूरा नहीं होने पर अविश्वास प्रस्ताव रद कर दिया। इसके बाद प्रखंड उपप्रमुख अपने समर्थकों के साथ प्रखंड कार्यालय परिसर पहुंचकर उपस्थित सदस्यों के प्रति आभार प्रकट किया। साथ ही एक दूसरे को माला पहनाकर जश्न मनाया। बताते चलें कि प्रखंड क्षेत्र के 33 पंचायत समिति सदस्य में से 11 पंचायत समिति सदस्यों ने 31 जनवरी को अविश्वास प्रस्ताव से संबंधित आवेदन सौंपकर चर्चा का आग्रह किया था। प्रखंड प्रमुख द्वारा अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के लिए सात फरवरी को विशेष बैठक की तिथि निश्चित कर बीडीओ सह कार्यपालक पदाधिकारी से आवश्यक प्रक्रिया का अनुरोध किया गया था लेकिन पंचायत समिति सदस्यों की अनुपस्थिति के कारण अविश्वास पर चर्चा नहीं हो सकी। इसके साथ ही प्रखंड में 10 दिनों की राजनीतिक सरगर्मी शांत हो गयी।