मुफ्त राशन एवं लोन देने के नाम पर महिलाओं से लाखों रुपये की ठगी किए जाने का मामला सामने आया है। नगर के कई वार्ड की महिलाओं से तकरीबन 6 लाख रुपए की ठगी करने वाले युवक को महिलाओं ने धर दबोचा और थाना चौक के पास प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी महिलाओं में वीना देवी, पूनम देवी, सुनीता देवी, विमला देवी, संगीता देवी, अर्हुलिया देवी, रंजू देवी, सियावती देवी आदि ने बताया कि अक्टूबर माह में मझारी निवासी संदीप कुमार नाम का एक युवक नगर में पहुंचा। सभी महिलाओं से कई महीनों तक मुफ्त राशन एवं 70 हजार से 10 लाख रुपये तक लोन देने का वादा करते हुए तीन-तीन हजार रुपए की दर से वसूली कर फरार हो गया। पैसा वसूलने के बाद कुछ दिनों तक फोन पर बताया कि जल्द कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद लोन मिल जाएगा लेकिन दिन बीतता गया। उसके बाद उक्त युवक ने फोन उठाना भी बंद कर दिया। महिलाओं ने लगातार उसकी खोजबीन की लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। अचानक रविवार की देर शाम युवक नगर के वार्ड एक में दिख गया। इसके बाद पीड़ित महिलाओं ने उसे पकड़ लिया। पैसा वापस करने की मांग करते हुए महिलाओं ने थाना चौक के पास जमकर प्रदर्शन किया। कई घंटे बाद कुछ जनप्रतिनिधियों के हस्तक्षेप पर महिलाओं ने प्रदर्शन को समाप्त कर दिया। पीड़ित महिलाओं का कहना है कि अगर उसे उसकी रकम वापस नहीं मिलती है तो वह थाने में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराएगी। उधर आरोपित युवक संदीप कुमार से मामले को लेकर पूछताछ करने पर कुछ भी बताने से इंकार कर दिया।