धरती को एक परिवार बनाने के उद्देश्य से मुख्यालय स्थित मिलन मैरेज पैलेस में अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा के स्थापना के 100 वर्ष पूरे होने पर शताब्दी समारोह का आयोजन किया गया। समारोह का शुभारंभ राष्ट्रगान व भगवान श्री कृष्ण वंदना के साथ प्रदेश अध्यक्ष डा. सच्चिदानंद सिंह यादव, कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष प्रो (डा.) विनोद कुमार यादवेन्दु, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष गोरेलाल यादव, डा. बीके यादव, डा. राधेश्याम यादव, यदुवंश कुमार यादव, डा. केपी यादव, डा. अमन कुमार, विजय कुमार यादव द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर उद्घाटन किया गया। यादव महासभा के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य सह जिलाध्यक्ष . अमन कुमार के अध्यक्षता में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि संपूर्ण धरती को एक परिवार बनाने के उद्देश्य से 1924 ई. अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा का गठन किया गया था। जिसका किसी राजनीतिक पार्टी के समर्थन या विरोध से कोई संबंध नहीं है। महासभा सामाजिक सुधार एवं बदलाव के लिए संकल्पित है। यादव समाज सभी जातियों के साथ भाईचारा अपनाते हुए सुख-दुख के साथी बने। वहीं पूर्व विधायक सह कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष प्रो (डा.) विनोद कुमार यादवेन्दु ने कहा कि हिन्दुस्तान एक सुंदर बगीचा है। एकता अखंडता को तार-तार करने वाला समाज और राष्ट्र का सबसे बड़ा दुश्मन है। एकता और शिक्षा से ही समाज का विकास होगा। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सह शताब्दी समारोह बिहार के अध्यक्ष गोरेलाल यादव ने कहा कि समाज के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा आवश्यक है। जुल्म के खिलाफ हर स्तर पर लड़ाई लड़ने के लिए तैयार रहें लेकिन ध्यान रहे लड़ाई दिमाग और कलम से होनी चाहिए। महासभा स्वच्छ सुन्दर, खुशहाल, शिक्षित व विकसित समाज निर्माण के लिए कटिबद्ध है। राधेश्याम टीचर्स ट्रेनिंग कालेज के संस्थापक प्राचार्य डा. राधेश्याम यादव ने कहा कि यादव समाज को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने की आवश्यकता है। शिक्षा जीवन की जिंदगी है इसे अपना कर ही विकास किया जा सकता है। समाज के लोगों को कलम को भी अपनाने की जरुरत है। इसी से समाज खुशहाल और समृद्ध होगा। चिकित्सक सह इंडियन मेडिकल एसोसिएशन सुपौल के अध्यक्ष डा. बीके यादव ने कहा कि समाज की एकता और अखंडता से सामाजिक एवं राजनीतिक पहचान बनती है। इस वजह से अनुशासित रहते हुए एकजुट रहना होगा। तभी नशा, कुरीति और जुल्म के खिलाफ आवाज बुलंद कर सकते हैं। चलो-चलें कलम की ओर अभियान का जिक्र करते हुए लोरिक विचार मंच के प्रदेश संयोजक सह यादव महासभा जिलाध्यक्ष डा. अमन कुमार ने कहा कि यादव समाज का इतिहास बहुत ही गौरवशाली रहा है। कलम तलवार से अधिक शक्तिशाली है। समाज में एकजुटता प्यार और मोहब्बत से रह सकता है। आपसी सौहार्द कायम कर देश और दुनिया में यादव समाज मिशाल पेश करें। कहा कि यादव समाज को केस, मुकदमा, झगड़ा-झंझट और नशापान से बचने का भरसक प्रयास करना चाहिए। सभी जातियों में कुछ अच्छाई और बुराई है। अच्छाई को ग्रहण करके अपने आप को श्रेष्ट मानव बनने का प्रयास करें। मानव का मानवता ही सर्वोत्तम धर्म है। राष्ट्रीय महासचिव केपी यादव ने कहा कि हर जाति यादव समाज से कटता जा रहा है। इस पर गहन चिंतन करने की जरूरत है। राजद के राष्ट्रीय सचिव सह पूर्व विधायक यदुवंश कुमार यादव ने कहा कि सभी सामाजिक संगठन को समाज के हित में खड़ा होने की आवश्यकता है। कार्यक्रम में बीबीसी ट्रस्ट सुपौल के द्वारा जन चेतना एवं जन शिक्षा पर आधारित कार्यक्रम प्रस्तुत की गयी।