सदर प्रखंड अंतर्गत लौकहा पंचायत के लौकहा बाजार स्थित मध्य विद्यालय परिसर में जिलाधिकारी कौशल कुमार ने शिक्षा संवाद में भाग लिया। शिक्षा संवाद में स्कूली बच्चों के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं के बारे में अभिभावकों और छात्र-छात्राओं को विस्तृत जानकारी दी गई। जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार द्वारा बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। इसका लाभ लेकर बच्चे अपनी पढ़ाई कर सकते हैं। गरीबी पढ़ाई में बाधा नहीं हो सकती है। आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों के लिए स्टूडेंट्स क्रेडिट कार्ड योजना चलाई जा रही है। इससे मेधावी छात्र उच्च शिक्षा पा सकते हैं। सरकार शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए भारी संख्या में शिक्षकों की भर्ती कर रही है। कल्याणकारी योजनाएं जैसे पोशाक योजना, छात्रवृत्ति योजना, कन्या उत्थान योजना, स्टूडेंट्स क्रेडिट कार्ड योजना, मुख्यमंत्री बालिका साइकिल योजना सहित अन्य योजनाओं की जानकारी दी गई। जिलाधिकारी ने कहा कि महिलाएं, लड़की को पढ़ाना है। महिलाएं पढ़ेगी तो देश आगे बढ़ेगा। स्टूडेंट्स क्रेडिट कार्ड से मेडिकल, इंजीनियरिंग की पढाई कर सकते हैं जिस क्षेत्र में पढ़ना चाहते हैं उस क्षेत्र में पढ़ सकते हैं। शिक्षा वह हथियार है जिससे बड़ा कोई अस्त्र-शस्त्र नहीं है। रोजगार करना चाहते हैं तो मुख्यमंत्री उद्यम योजना से कर सकते हैं। सरकारी स्कूलों में भी पढ़ाई-लिखाई की व्यवस्था काफी सुदृढ हो चुकी है। छात्रों के अनुपात में शिक्षकों की नियुक्ति हो चुकी है। शिक्षक भी समय से विद्यालय आ रहे हैं बच्चे भी पहले से अधिक आने लगे हैं। बाल विवाह पर जिलाधिकारी ने कहा कि 18 वर्ष से कम उम्र में लड़की की शादी करना कानूनी अपराध है। शिकायत मिलने पर कानूनी कार्यवाही भी हुई है। उन्होंने छात्रों से भी कहा कि कम उम्र शादी का आपलोग विरोध भी करिये। कम उम्र में शादी करने से लड़कियों की शरीर सही तरह से विकसित नहीं हो पाता है तथा कई तरह के गंभीर बीमारियों की चपेट में आ जाते हैं। मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी ज्योति गामी, डीपीओ स्थापना राहुलचंद्र चौधरी, मत्स्य प्रसार पदाधिकारी दुर्गेश कुमार, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी विवेकानंद, बीपीएम चंदन कुमार, मुखिया सबरी देवी, विद्यालय प्रधान राकेश भारती, संतोष कुमार चौधरी, सुरेन्द्र चौधरी आदि शिक्षक व अभिभावक व छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।