भरुआ सुमेरपुर। बरसात के चलते इंगोहटा छानी मार्ग चलने लायक नहीं बचा है। करीब दो दर्जन पंचायतों के लोग इस उबाऊ सड़क से सफर करने के कतराने लगे हैं। सड़क कब बनेगी यह किसी को अभी पता नहीं है‌। मुख्यमंत्री के बयान के बाद अब उम्मीद जगी है कि शायद इस मार्ग के भी दिन जल्द बहुर सकते हैं। इंगोहटा छानी मार्ग ब्लाक मुख्यालय की सबसे पुरानी एवं महत्वपूर्ण सड़क है। सत्तर के दशक में बनी यह सड़क ब्लाक की दो दर्जन ग्राम पंचायतों को नेशनल हाईवे 34 के अलावा भीमसेन खैरार रेल मार्ग से जोड़ती है। मौजूदा समय में यह 18 किलोमीटर लम्बा मार्ग बुरी तरह से ध्वस्त है। भारी भरकम गढ्ढ़ों में तब्दील हो चुके इस मार्ग पर अब लोग चलने के लिए कतराने लगे हैं। तमाम लोगों ने मार्ग खराब होने के कारण इस मार्ग से गुजरना ही बंद कर दिया है। देर रात तक गुलजार रहने वाला यह मार्ग अब सांझ होते ही सन्नाटे में बदल जाता है। यह मार्ग कब बनेगा इस पर अभी तक सभी जिम्मेदार चुप थे। लेकिन अब मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद इस मार्ग के दिन बहुरने की आस जगी है। लोगों को उम्मीद है कि अब इस सड़क को शायद नए सिरे से बनवाया जा सकता है।