फतुहा। थाना क्षेत्र के धोवापर निवासी मालती देवी के घर से चोरों ने शुक्रवार की रात पांच हजार नगद समेत करीब डेढ़ लाख की संपत्ति चुरा ली। पीड़िता ने शनिवार को फतुहा थाने में अज्ञात के खिलाफ लिखित शिकायत की है। पीड़िता अपने बच्चों के साथ शुक्रवार की रात छत के कमरे मे सोने चली गई। इस दौरान देर रात छत के रास्ते चोर घर में दाखिल हुए और निचले तल्ले के एक कमरे में रखे ट्रंक, बर्तन, कपड़े आदि लेकर दरवाजा खोलकर चलते बने। सुबह जब मालती की नींद खुली तो वह छत से नीचे आई। नीचे दरवाजा खुला देख उसके होश उड़ गए। इसके बाद पता चला कि चोर बर्तन, कपड़ों के अलावा पूरा ट्रंक ही लेकर चले गए हैं। पीड़िता के अनुसार ट्रंक में रखे सोने का झुमका, टीका, मंगलसूत्र, नाक का बेसर, चांदी की लहठी, तीन जोड़ी पायल, 5 हजार नकदी समेत करीब डेढ़ लाख की संपत्ति पर चोरों ने हाथ साफ कर दिया है। इसके बाद उसने 112 को कॉल कर बुलाया तब 112 की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन की। आवेदन के आलोक में पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है। पीड़िता ने बताया कि आज के पहले भी तीन बार चोरों ने चोरी का असफल प्रयास किया था। लेकिन आज वे अपनी मंशा में कामयाब हो गए। बताया कि बड़ी बेटी की शादी के लिए पाई-पाई जोडकर गहने बनवाए थे सारे गहने चोर लेकर चले गए। इधर इस घटना के बाद से पीड़िता और बच्चों का रो-रो कर बुरा हाल है। सुबह जब पति घर पर लौटा तो उसका भी हाल बेहाल हो गया। वहीं पुलिस ने घटनास्थल पर जाकर जांच पड़ताल की। फतुहा थानाध्यक्ष मुकेश कुमार मुकेश ने बताया की आसपास के सीसीटीवी कैमरे से चोरों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है चोर जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में होगा।