फतुहा। कल्याणपुर स्थित श्री राम जनक लाल ठाकुरबाड़ी में रविवार की देर शाम से झूलन महोत्सव शुरू हुआ। यह 31 अगस्त तक चलेगा। श्री राम जनक लाल ठाकुरबाड़ी के पुजारी श्री सुबोधानंद पाण्डेय ने बताया कि झूलन मंदिर में यह परंपरा वर्षो से नियम-निष्ठा के साथ धूमधाम से निभाई जा रही है। राधा-कृष्ण की प्रतिमा को झूले पर बिठाकर आकर्षक व सुसज्जित तरीके से सजाया जाता है। झूलनोत्सव का यह कार्यक्रम पांच दिनों तक विधिवत पूजा के साथ संपन्न होता है। प्रत्येक संध्या भगवान की भव्य आरती व शीतला भोग एवं प्रसाद का वितरण भक्तों के बीच किया जाता है। आचार्य पंकज पाण्डे ने बताया कि जब कृष्ण ने गोवर्धन पर्वत उठाकर इंद्र के अभिमान को चूर कर दिया तो सभी गोकुलवासियों को घोर आश्चर्य हुआ, क्योंकि बचपन में ही पुतना वध, कालिया नाग मर्दन से लेकर गोवर्धन पर्वत उठाना साधारण मनुष्य के वश की बात नहीं थी, तब कृष्ण ने अपनी लीला दिखाई तो सभी ग्रामवासी लौट गए, परंतु गोपियां वहां रह गई। बाद में कृष्ण ने सभी गोपियों के साथ उल्लास मनाया। यह अद्भुत दृश्य देखने लायक था। इसमें ईश्वर की असीम कृपा थी। सभी आनंद में झूला झूलने लगे। ठाकुरबाड़ी के व्यवस्थापक हरिशंकर गुप्ता, संजय कुमार, पंकज पाण्डे,पिंटू पाण्डे, गौरव गुप्ता, माधव कुमार, कन्हैया लाल पाण्डे, सतीश कुमार एवं सभी फतुहा के लोग झूलन को सफल बनाने के लिए अपना योगदान दे रहे हैं। रामजनक लाल ठाकुरबाड़ी में झूलनोत्सव को ले सजाया गया भगवान का दरबार व पूजा अर्चना करने पहुंचे श्रद्धालु।