चकाई प्रखंड के दक्षिणी छोर में अवस्थित नौवाडीह पंचायत के बांड़ाडीह गांव में श्री श्री 108 श्री रामचरित मानस सह हनुमंत प्राण प्रतिष्ठा महायज्ञ का शुभारंभ स्थानीय विधायक प्रतिनिधि राजीव रंजन पांडेय, जिला पार्षद गोविंद चौधरी एवं सरपंच शम्भू पांडेय द्वारा संयुक्त रूप फीता काटकर किया गया। इस दौरान भव्य कलश शोभा यात्रा निकाली गई। इस शोभा यात्रा में सैकड़ों की संख्या में स्थानीय कन्याओं एवं महिलाओं द्वारा पतरो नदी से वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कलश में पवित्र जल भरकर यज्ञ मंडप पर लाया गया। वहीं कलश शोभा यात्रा के दौरान पूरा क्षेत्र मंगल दैवीय गीतों एवं जय श्रीराम के नारों से गुंजायमान हो गया। जानकारी देते हुए मुख्य यजमान चरण शर्मा नें बताया कि आज से यज्ञ की शुरुआत हो गई है जो 22 अप्रैल तक चलेगा। इसमें प्रत्येक दिन यज्ञाचार्य सियाराम शरण जी महाराज एवं अन्य विद्वान पंडितों द्वारा पूजा-पाठ के साथ ही संध्या प्रवचन दिया जाएगा। वहीं 21 अप्रैल चैत्र शुक्ल नवमी को हनुमंत प्राण प्रतिष्ठा सह श्री रामचरित मानस का पाठ के साथ ही अखंड रामधुन का आयोजन किया जाएगा। जबकि 22 अप्रैल को पूर्णाहुति, ब्राह्मण भोजन, प्रसाद वितरण एवं विसर्जन का कार्यक्रम आयोजित किया गया है। महायज्ञ के आयोजन से बाँड़ाडीह गांव सहित आस-पास के कई गांवों का माहौल भक्तिमय हो गया है।मौके पर सुरेंद्र शर्मा, नकुल शर्मा, बीरेंद्र शर्मा, राजेश वर्मा, सतन मंडल, रामचंद्र मंडल, पिंटू शर्मा, धीरेंद्र शर्मा, केदार शर्मा, बीरेंद्र मंडल, सूरज शर्मा, गणेश शर्मा, किशुन शर्मा, नरेश शर्मा, लालेश्वर शर्मा, अजय वर्मा सहित सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।