घर में भूल से भी न लगाएं ये चार पौधे, मानें जाते हैं बेहद अशुभ दुनिया में ऐसे बहुत से लोग होते हैं, जिन्हें पेड़-पौधों से बहुत लगाव होता है। अक्सर लोग अपने घर में भी साज-सज्जा के लिए हरे-भरे पेड़-पौधे लगाते हैं। ये पेड़-पौधे देखने में तो अच्छे लगते ही हैं, साथ ही ये पर्यारण के लिए भी अच्छे माने जाते हैं। वहीं वास्तु शास्त्र में भी हरे भरे पेड़-पौधो को शुभ माना जाता है। वास्तु शास्त्र के अनुसार घर में लगे पौधे सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं, जिससे घर में सुख-समृद्धि आती है। वहीं जाने अनजाने में हम कुछ ऐसे पौधे भी लगा लेते हैं जो देखने में तो काफी सुंदर होते हैं, लेकिन वास्तु के अनुसार ये शुभ नहीं माने जाते हैं। इन पौधों से घर में नकारात्मकता आती है, इसलिए भूल से भी इन पौधों को घर में नहीं लगाना लगाना चाहिए। आइए जानते हैं कौन से वे पौधे हैं, जिन्हें घर में नहीं लगाना चाहिए... कैक्टस कैक्टस देखने में तो काफी खूबसूरत लगते हैं, लेकिन वास्तु में इन पौधों को शुभ नहीं माना जाता है। वास्तु शास्त्र के अनुसार घर पर कैक्टस या कोई भी कांटेदार पौधा नहीं लगाना चाहिए। इस तरह के पौधों से घर में नकारात्मक ऊर्जा आती है और परिवार में कलह-क्लेश बढ़ने लगता है। मेहंदी वैसे तो मेहंदी के पौधे को शुभ माना जाता है। ज्यादातर शुभ कार्यों में इसका इस्तेमाल किया जाता है, लेकिन वास्तु के अनुसार घर पर मेहंदी का पौधा होना अशुभ माना जाता है। ऐसी मान्यता है कि इस पौधे में बुरी शक्तियों का वास होता है और ये पौधा जिस घर में होता है, वहां नकारात्मक ऊर्जा का संचार भी बढ़ने लगता है। बोनसाई घर में बोनसाई का पौधा रखना सही नहीं माना जाता है। वास्तु के जानकारों की मानें तो यह पौधा परिवार के सदस्यों की तरक्की में रुकावट पैदा कर सकता है। ऐसे में इस पौधे को घर के अंदर बिल्कुल नहीं लगाना चाहिए। सूखे हुए पौधे यदि घर में लगा कोई पौधा सूख रहा है या मुरझा रहा है तो इसे एक अशुभ संकेत माना जाता है। यह घर में किसी नकारात्मक ऊर्जा के होने का भी संकेत देते हैं। इसलिए ऐसी स्थिति में इन पौधों को घर से बाहर कर देना चाहिए।