खजनी को मिली दो और रोडवेज बसों की सौगात, खजनी मार्ग से 8 नई बसों का नियमित संचालन शुरू हुआ। खजनी गोरखपुर।। प्रदेश शासन उत्तर प्रदेश परिवहन निगम (यूपी रोडवेज) के द्वारा खजनी क्षेत्र के यात्रियों के लिए दो और रोडवेज बसों की सौगात मिली है। ऐ दोनों बसें प्रतिदिन गोरखपुर राप्ती नगर डीपो से खजनी सिकरीगंज गोला बड़हलगंज से दोहरीघाट तथा गोरखपुर राप्ती नगर डीपो से चलकर खजनी माल्हनपार गोला बड़हलगंज से दोहरीघाट तक जाएंगी। दोनों बसें उपरोक्त दोनों रूटों पर प्रतिदिन फेरे लगाएंगी। इन बसों के नियमित संचालन से इस मार्ग से दोहरीघाट गोला सिकरीगंज और गोरखपुर जिले तक आने जाने वाले यात्रियों को दो नई सरकारी बसों के नियमित संचालन की सौगात मिली है। जिससे क्षेत्र के यात्रियों का इन मार्गों पर आवागमन सुलभ हो सकेगा। उक्त जानकारी देते हुए राप्ती नगर डीपो के एआरएम अशोक कुमार सिंह ने बताया कि यात्रियों को बेहतर और सुगम यात्रा की सुविधाएं उपलब्ध कराना ही उत्तर प्रदेश परिवहन निगम का लक्ष्य है। क्षेत्र की जरूरतों और यात्रियों की मांग के अनुरूप बसों का संचालन किया जाता है। खजनी मार्ग से बसों का संचालन आवश्यक था, अतः इस मार्ग पर अब कुल 8 नई बसों को चलाया जा रहा है। बता दें कि इससे पहले भी खजनी मार्ग से प्रयागराज और वाराणसी तक आने जाने वाली कुल 6 बसों की सौगात मिली है, और इन बसों का निर्धारित मार्ग पर नियमित संचालन हो रहा है। यूपी रोडवेज द्वारा खजनी मार्ग से होकर अब तक कुल 8 नई बसों का नियमित संचालन शुरू कर दिया गया है। खजनी मार्ग से सरकारी बसों का संचालन शुरू होने पर तथा बसों की संख्या बढ़ाए जाने पर क्षेत्र के भाजपा नेता धरणीधर राम त्रिपाठी,आदर्श राम त्रिपाठी,राम अशीष बेलदार,श्रवण शेखर राम त्रिपाठी,सोनू मोदनवाल, सार्थक मोदनवाल, विष्णु मद्धेशिया आदि दर्जनों लोगों ने हर्ष जताया है।
