गत 6 फरवरी से लापता बालक का सुराग नहीं मिलने से निराश परिजनों ने करजाईन थाना में आवेदन देकर जल्द से जल्द बरामदगी की गुहार लगाई है। इस बारे में थानाक्षेत्र के मंशापुर निवासी लापता बालक आदित्य कुमार वर्मा (15 वर्ष) के पिता संजय कुमार वर्मा ने करजाईन थाना में आवेदन देकर बताया कि मंगलवार की सुबह में उसका पुत्र आदित्य कुमार वर्मा घर से उत्क्रमित मध्य स्कूल बायसी गढ़ी पढ़ने के लिए घर से निकला। शाम हो जाने के बाद भी घर नहीं पहुंचने पर घर के सदस्य उसकी खोजबीन शुरू की। लेकिन कुछ सुराग नहीं मिला। पीड़ित पिता ने पुलिस प्रशासन से लापता बालक का जल्द सुराग लगाने की गुहार लगाई है। इस बारे में करजाईन थानाध्यक्ष लालजी प्रसाद ने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
सुनिए एक प्यारी-सी लोरी। हमारे देश के अलग-अलग राज्यों में कई भाषाओं की लोरियां गाई जाती है। इनकी मदद से आप अपने बच्चों के मानसिक और भावनात्मक विकास को बेहतर कर सकते है।आज की लोरी आपको कैसी लगी? क्या आपके बच्चे ने ये लोरी सुनी? क्या आपके पास भी कोई प्यारी-सी लोरी है? तो अपनी आवाज़ में रिकॉर्ड करें, फ़ोन का नंबर 3 बटन दबाकर।
आगामी लोक सभा चुनाव के मद्देनजर जन आशीर्वाद यात्रा के प्रथम चरण में रालोजद के राष्ट्रीय महासचिव सह पूर्व आईआरएस बैद्यनाथ मेहता ने बसंतपुर प्रखंड के भगवानपुर, रतनपुर, भीमनगर, सातेनपट्टी आदि पंचायतों में लोगों से मिलकर आशीर्वाद लिया। इस दौरान हजारों की संख्या में लोग तथा पार्टी कार्यकर्ताओं ने फूल माला पहनाकर उनका भव्य स्वागत किया। साथ ही इन्हें पूर्ण सहयोग का भरोसा दिया। यात्रा के क्रम में वैद्यनाथ मेहता ने जगह जगह जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि सुपौल लोकसभा के क्षेत्रवासियों का आशीर्वाद मिला तो क्षेत्र का सर्वांगीण विकास के साथ जन-जन तक उनके हक को पहुंचाने का काम करूंगा। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं से संबंधित समस्याओं का निदान पदाधिकारियों से मिलकर कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि क्षेत्र भ्रमण के दौरान उन्हें लोगों का पूरा आशीर्वाद मिल रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले एक वर्षो से सुपौल लोकसभा क्षेत्र के गांव गांव में जनसंपर्क जारी है। अब लोकसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव में पहुंचकर जनता का समर्थन के साथ आशीर्वाद प्राप्त करने निकले हैं। इस दौरान बड़ी संख्या में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, बुद्धिजीवी तथा ग्रामीण उपस्थित थे।
आगामी लोकसभा चुनाव के मदे नजर अनुमंडल पदाधिकारी सह निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी निर्मली संजय कुमार ने अवर निर्वाचन पदाधिकारी मनोज कुमार प्रखंड विकास पदाधिकारी सरायगढ़ भपटियाही श्वेता कार्यालय सहायक नित्यानंद भार्गव आवास पर्यवेक्षक अनमोल कुमार के साथ बुधवार को कोसी नदी से प्रभावित गांवों के मतदान सेंटर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत ढोली और सियानी गांव के मतदान केदो को देखा। अनुमंडल पदाधिकारी ने कसी के गांव में मतदान केदो पर उपलब्ध संसाधन की विस्तृत जानकारी ली। इस दोनों उन्होंने मतदान केंद्र संख्या 72 मतदान केंद्र संख्या 73 मतदान केंद्र संख्या 74 मतदान केंद्र संख्या 130 मतदान केंद्र संख्या 132 मतदान केंद्र संख्या 143 मतदान केंद्र संख्या 134 और मतदान केंद्र संख्या 141 का गहन निरीक्षण किया। मतदान केदो पर बिजली पानी के स्थिति का भी जायजा लिया और जहां बिजली सुविधा उपलब्ध नहीं है वहां सौर ऊर्जा से संचालित बिजली उपलब्ध कराने की बातें कहीं।
बनो नई सोच ,बुनो हिंसा मुक्त रिश्ते की आज की कड़ी में हम सुनेंगे यौन हिंसा के बारे में।
बिहार लोकल बाडीज इम्प्लाइज फेडरेशन सुपौल के बैनर तले नगर परिषद सुपौल में चल रही हड़ताल बुधवार को समाप्त हो गई। समझौते के बाद नपकर्मी हड़ताल से वापस लौट गए। फेडरेशन के प्रदेश संगठन मंत्री मो. असजद आलम ने बताया कि बुधवार को मुख्य पार्षद द्वारा आपातकालीन बैठक का आयोजन किया गया। विभिन्न मुद्दों पर चर्चा के उपरांत नगर परिषद के अधिकारी व कर्मचारियों की सुरक्षा का भरोसा दिया गया। संबंधित वार्ड पार्षद अजीत कुमार आर्य द्वारा भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति नहीं होने की बात रखी गई। मुख्य पार्षद और बोर्ड के द्वारा सम्मानजनक समझौता होने के फलस्वरूप फेउरेशन द्वारा हड़ताल समाप्त करने का निर्णय लिया गया। ज्ञात हो कि नगर परिषद वार्ड नंबर छह के वार्ड पार्षद के द्वारा अपने सहयोगियों के साथ कार्यपालक पदाधिकारी एवं अन्य कर्मियों को अपशब्द कहने, हिंसक घटनाओं को अंजाम देने की धमकी एवं अमर्यादित व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए नगर परिषद के सभी कर्मचारी हड़ताल पर चले गए थे। इस आशय का आवेदन कर्मियों ने मुख्य पार्षद को देते हुए हड़ताल पर जाने की जानकारी दी थी।
छातापुर प्रखंड उपप्रमुख पर लगाया गया अविश्वास प्रस्ताव खारिज हो गया। जानकारी देते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी रीतेष कुमार सिंह ने बताया कि पंचायत समिति सदस्य अशोक कुमार दास सहित अन्य पंसस के द्वारा प्रखंड प्रमुख को आवेदन देकर उप प्रमुख संजय कुमार के प्रति अविश्वास प्रस्ताव लाया गया था। आवेदन के आलोक में प्रखंड प्रमुख आशिया देवी द्वारा अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा को लेकर बुधवार को विशेष बैठक बुलाई गई थी। प्रखंड प्रमुख की अध्यक्षता में 11 बजे तय सीमा से बैठक प्रारंभ हुई। तीन घंटे तक एक भी पंसस सदन नहीं पहुंचे। दो बजे अधिकारियों ने कोरम पूरा नहीं होने पर अविश्वास प्रस्ताव रद कर दिया। इसके बाद प्रखंड उपप्रमुख अपने समर्थकों के साथ प्रखंड कार्यालय परिसर पहुंचकर उपस्थित सदस्यों के प्रति आभार प्रकट किया। साथ ही एक दूसरे को माला पहनाकर जश्न मनाया। बताते चलें कि प्रखंड क्षेत्र के 33 पंचायत समिति सदस्य में से 11 पंचायत समिति सदस्यों ने 31 जनवरी को अविश्वास प्रस्ताव से संबंधित आवेदन सौंपकर चर्चा का आग्रह किया था। प्रखंड प्रमुख द्वारा अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के लिए सात फरवरी को विशेष बैठक की तिथि निश्चित कर बीडीओ सह कार्यपालक पदाधिकारी से आवश्यक प्रक्रिया का अनुरोध किया गया था लेकिन पंचायत समिति सदस्यों की अनुपस्थिति के कारण अविश्वास पर चर्चा नहीं हो सकी। इसके साथ ही प्रखंड में 10 दिनों की राजनीतिक सरगर्मी शांत हो गयी।
अनुमंडल मुख्यालय अंतर्गत मवेशी हास्पिटल के प्रांगण में बुधवार को सर्वदलीय रेलवे संघर्ष समिति द्वारा अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम का संचालन कांग्रेस जिला महामंत्री शत्रुघ्न प्रसाद चौधरी ने किया। इसकी अध्यक्षता के लिए माले जिला सचिव जयनारायण यादव को सर्वसम्मति से चुना गया। धरना में राजद, कांग्रेस, भाजपा, भाकपा माले, यूनाइटेड, रालोलपा, लोजपा, जाप एवं तमाम दल के नेता उपस्थित थे। सभा को संबोधित करते हुए माले जिला सचिव ने कहा रेलवे भूमि अधिग्रहण के नाम पर त्रिवेणीगंज प्रखंड के तमाम किसानों को आज तक एक भी रुपया नहीं मिला। उल्टे प्रशासन के द्वारा सैकड़ों एकड़ जमीन पर लगी गेहूं के फसल को बर्बाद कर दिया गया। किसानों के साथ ऐसे सौतेला व्यवहार का हम घोर निंदा करते हैं और पीड़ित किसानों के साथ कदम से कदम मिलाकर साथ लड़ने का काम करेंगे। किसान नेता सुरेश कुमार यादव ने अपनी पीड़ा बताते हुए कहा कि आज से लगभग एक साल से हमलोग कोर्ट- कचहरी का चक्कर काट रहे हैं परंतु पदाधिकारी उल्टे हमलोगों को डांट फटकार लगाकर भेज देते हैं। भाजपा जिला महामंत्री प्रदीप कुमार मुन्ना सिंह ने कहा कि आज त्रिवेणीगंज प्रखंड अंतर्गत हज़ारों बीघा जमीन गैर मजरुआ खास रैयती जमीन है। जिसकी खरीद-बिक्री पर बिना जांच किए 2014 से प्रतिबंधित है। किसानों के पास कागजात होने के बावजूद सताया जा रहा है। धरना प्रदर्शन में मौजूद राजद नेता कपलेश्वर यादव, जितेन्द्र कुमार अरविंद, बौधि यादव, प्रवेश प्रवीन, कांग्रेस नेता कोशल यादव, डा. विश्वनाथ सर्राफ, भाजपा नेता योगेन्द्र यादव योगी, शंभू गुप्ता, भाकपा माले के जन्मजय राई, मु. मुस्लिम,नीलाम्बर कुमार मेहता (रालोजद) ललन कुमार यादव, ललन तांती लोजपा, संजय यादव जदयू, सुधा रिचर्ड, मु. यूनुस, श्रवण कुमार यादव (सीपीएम), परमानंद यादव, सुरेश यादव, भोला चौधरी, निर्मल भगत, डा. अमित कुमार (माले) रामदेव यादव, चौधरी, रोशन अंथोनी, नागेश्वर यादव, राजेश कुमार शाह, गुलाब प्रसाद यादव, विभाष चंद्र विमल, राजू, गोर्डेन रेमी, विनोद विलासुस, रणधीर कुमार यादव, राजेश कुमार गजेश आदि मौजूद थे।
लोगों को फाइलेरिया से सुरक्षित रखने और बचाव के प्रति जागरूक करने के लिए जिले में फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए 10 फरवरी से अगले 17 दिन तक जिले में सर्वजन दवा सेवन कार्यक्रम (एमडीए) का आयोजन किया जा रहा है। उक्त कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन के लिए जिला स्वास्थ्य समिति द्वारा सेंटर फार एडवोकेसी एण्ड रिसर्च (सीफार) के सहयोग से सदर अस्पताल परिसर में एकदिवसीय मीडिया कार्यशाला का आयोजन किया गया। सिविल सर्जन डा. ललन कुमार ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में सभी मीडिया कर्मियों से मीडिया के माध्यम से लोगों को फाइलेरिया के प्रति जागरूक करने और सरकार द्वारा चलाए जा रहे सर्वजन दवा सेवन कार्यक्रम में भाग लेकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की गई। मीडिया कार्यशाला में डीआईओ डा. अजय कुमार झा, भीडीसीओ विपिन कुमार, पीसीआई के जिला कोार्डिनेटर प्रिंस कुमार, सीफार के स्टेट मीडिया कोार्डिनेटर अमन कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। सिविल सर्जन ने बताया फाइलेरिया क्यूलेक्स मच्छर के काटने से होने वाला एक गंभीर संक्रामक बीमारी है जिसे आमतौर पर हाथी पांव भी कहा जाता है। कोई भी व्यक्ति किसी भी उम्र में फाइलेरिया से संक्रमित हो सकता है। फाइलेरिया के प्रमुख लक्षण हाथ और पैर या हाइड्रोसिल (अंडकोष) में सूजन का होना होता है। प्रारंभिक अवस्था में इसकी पुष्टि होने के बाद जरूरी दवा सेवन से इसे रोका जा सकता है। इसके लिए लोगों में जागरूकता की आवश्यकता है। लोगों को फाइलेरिया के लिए जागरूक करने में मीडिया की सशक्त भूमिका होती है। जिला वेक्टर नियंत्रण रोग पदाधिकारी विपिन कुमार ने बताया कि लोगों को फाइलेरिया संक्रमण से सुरक्षित रखने के लिए आशा व आंगनबाड़ी सेविका द्वारा लोगों को घर-घर जाकर अपनी उपस्थिति में डीइसी व अल्बेंडाजोल की दवा खिलाई जाएगी। एमडीए कार्यक्रम के दौरान जिले के 13 लाख 99 हजार 216 लोगों को यह दवा खिलाई जाएगी। अभियान जिले के सदर सुपौल, सदर अर्बन, किशनपुर, सरायगढ़, राघोपुर, त्रिवेणीगंज, निर्मली के 331 वार्ड में चलाया जाएगा। जिसमें 2-5 वर्ष के 1,25,933 बच्चे 5-15 वर्ष के 3,35,809 बच्चे तथा 15 वर्ष से ऊपर के 9,37,474 लोगों को दवा खिलाई जाएगी। जिसके लिए 736 ड्रग एडमिनिस्ट्रेटर टीम, 74 सुपरवाइजर लगाया गया है। उन्होंने बताया 02 साल से कम उम्र के बच्चों, गर्भवती महिलाओं और गंभीर रोग से पीड़ित व्यक्तियों के अलावा सभी लोगों को दवा खिलाई जानी है। जिसके लिए 34 लाख 98 हजार 40 डीईसी तथा 13 लाख 99 हजार 216 अल्बेंडाजोल की दवा उपलब्ध कराई गई है।
लोकसभा चुनाव के तहत होने वाले मतदान के लिए प्रशासन द्वारा सभी स्तरों पर तैयारी चल रही है। वहीं शांतिपूर्ण व स्वच्छ माहौल में मतदान हो इसके लिए संबंधितों की जिम्मेवारी सुनिश्चित की जा रही है। अनुमंडल निर्वाचन पदाधिकारी सह वीरपुर एसडीएम नीरज कुमार बुधवार को प्रखंड कार्यालय पहुंचे। जहां उन्होंने बीडीओ रीतेष कुमार सिंह एवं नव पदस्थापित थानाध्यक्ष शिवशंकर कुमार से चुनाव की तैयारियों की जानकारी ली और आवश्यक कई निर्देश दिए। जिसके बाद एसडीएम ने बीडीओ व थानाध्यक्ष के साथ कई मतदान केंद्रों पर जाकर भवन व देय सुविधाओं की पड़ताल की। इस क्रम में एसडीएम लालगंज पंचायत स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय परियाही गैडा धार से पश्चिम स्थित मतदान केंद्र संख्या 203 एवं 204 पर पहूंचे और और विद्यालय के एचएम संतोष कुमार एवं बीएलओ से आवश्यक जानकारी ली। इस क्रम में उन्होंने भवन, शौचालय, पेयजल आदि मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। विद्यालय परिसर में नल-जल योजना के तहत लगे सभी नल सूखे पडे़ देखकर एचएम से इस बाबत जानकारी ली। वहीं पीएचडी को सुचित कर इसे दुरूस्त करवाने का बीडीओ को निर्देश दिया। एसडीएम ने बताया कि सभी सेक्टर पदाधिकारी को प्रशिक्षित कर चुनाव कार्य में लगाया गया है। बूथ का नजरी नक्शा व मतदान केंद्र की भौतिक स्थिति का प्रतिवेदन सेक्टर पदाधिकारियों ने दे दिया है। प्रतिवेदन के आलोक में सभी व्यवस्था को दुरुस्त कराया जा रहा है। बताया कि अधिक से अधिक मतदाता मताधिकार का प्रयोग करे इसके लिए प्रेरित व जागरूक करने के निर्देश दिये गए हैं। वहीं भयमुक्त व निष्पक्ष माहौल में मतदान हो इसके लिए पुलिस की जिम्मेवारी तय है। थानाध्यक्ष एवं ओपी प्रभारी को अपने क्षेत्र अंतर्गत बूथों को सूचिबद्ध कर उसका सत्यापन करने को कहा गया है।
