सिवान के दरौली प्रखंड के कुल 16 पैक्स व एक व्यापार मंडल में से दो पैक्स अमरपुर और डुमरहर को छोड़कर किसानों से धान अधिप्राप्ति का कार्य शुरू नहीं होने के कारण किसान काफी परेशान हैं। एक तरफ जहां क्षेत्र में सिंचाई की उचित साधन नहीं होने व भगवान भरोसे खेती करने को विवश किसानों को अपने किसी भी फसल को उगाने में आवश्यकता से ज्यादा लागत व मेहनत करनी पड़ रही है। वहीं दूसरी तरफ तैयार फसल की बिक्री की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण कृषि पर आधारित किसानों की स्थिति दयनीय बनी हुई है। किसान धान को बेचने को लेकर पैक्स व व्यापार मंडल के अध्यक्षों के दरवाजे का लगातार चक्कर लगा रहे हैं। जबकि पैक्स और व्यापार मंडल के अध्यक्षों के द्वारा विभाग की स्वीकृति नहीं मिलने की बात बताकर धान खरीदने से इनकार किया जा रहा है। जिससे क्षेत्र के किसान काफी परेशान हैं।