सिवान: बिहार राज्य सिंगल विंडो ऑपरेटर असिस्टेंट संघ के राज्यव्यापी हड़ताल के तहत जिला निबंधन एवं परामर्श केंद्र के कर्मी बीते चार दिनों से हड़ताल पर हैं। अपने पांच सूत्री मांगों को लेकर सभी कर्मी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। कर्मियों के हड़ताल पर चले जाने के बाद DRCC का सभी काम ठप है। दूर- दूर से कार्य कराने के लिए पहुंच रहे स्टूडेंट्स बिना कार्य कराए वापस लौट रहे हैं। कर्मियों के हड़ताल पर जाने के बाद स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना, मुख्यमंत्री स्वयं सहायता भत्ता योजना, कुशल युवा योजना कार्यक्रम सहित कई और अन्य कार्य ठप है। बिहार राज्य सिंगल विंडो ऑपरेटर असिस्टेंट संघ के जिलाध्यक्ष रवि शेखर देव ने कहा कि पूर्व में भी सभी कर्मी अपनी मांगों को मार्च के महीने में हड़ताल पर गए थे। तब बिहार विकास मिशन के तत्कालीन मुख्य प्रबंधक मिथिलेश मिश्र ने संघ के प्रदेश अध्यक्ष आकाश सिंह के साथ लिखित समझौता कर हड़ताल समाप्त कराया था। उन्होंने सभी मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया था।