अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में लहरतारा स्थित न्यू लोको कॉलोनी के इन्द्रप्रस्थ सामुदायिक हॉल में अपने कार्य क्षेत्र में कुशल प्रदर्शन करने वाली 30 महिलाकर्मियों को सम्मानित किया गया। डीआरएम विनीत कुमार श्रीवास्तव और वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक प्रीती वर्मा ने इन्हें सम्मानित किया। इस दौरान डीआरएम ने कहा कि भारतीय संस्कृति में महिलाओं को पुरुष से ऊपर स्थान दिया गया है, क्योंकि वह नए जीवन को इस धरती पर ला सकतीं हैं। वर्तमान समय में हर क्षेत्र में महिलाएं आगे बढ़ रही हैं। सफलता के नए कीर्तिमान बना रही हैं। प्रीती वर्मा ने कहा कि महिला दिवस का औचित्य तब तक प्रमाणित नहीं होगा, जब तक कि सच्चे अर्थों में महिलाओं की दशा नहीं सुधरती। महिला नीति है, लेकिन क्या उसका क्रियान्वयन गंभीरता से हो रहा है। यह देखा जाना चाहिए कि क्या उन्हें उनके अधिकार मिल रहे हैं। वास्तविक सशक्तीकरण तभी होगा ज़ब महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर होंगी और उनमें कुछ करने का आत्मविश्वास जगेगा। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक (ऑपरेशन) राजेश सिंह, सहायक मंडल कार्मिक अधिकारी वीरेंद्र यादव समेत अन्य लोग उपस्थित थे।