बीएचयू के पं. दीनदयाल उपाध्याय पीठ और इंडिया फाउंडेशन की तरफ से सोमवार को 'एकात्म मानववाद : दीनदयाल उपाध्याय और जैक्स मैरिटेन के परिप्रेक्ष्य' विषयक अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन हुआ। इसमें वक्ताओं ने पं. दीनदयाल उपाध्याय और जैक्स मैरिटेन के विचारों के अकादमिक और दार्शनिक पक्षों पर चर्चा की उद्घाटन सत्र में आरएसएस की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य, भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव व इंडिया फाउंडेशन के अध्यक्ष राम माधव ने कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय का एकात्म मानववाद धर्म से प्रेरित है। वह मानता है कि नैतिक मूल्यों के साथ भौतिक प्रगति होनी चाहिए। वहीं, जैक्स मैरिटेन ने एकात्म मानववाद का अपना सिद्धांत ईसाई जगत से लिया। सांस्कृतिक मतभेदों के बावजूद दोनों विचारकों के अपने विचारों में आश्चर्यजनक समानताएं और समान चिंताएं दिखती हैं। राष्ट्रीय शैक्षिक प्रौद्योगिकी फोरम के अध्यक्ष प्रो. अनिल सहस्रबुद्धे ने एकात्म मानववाद को भारतीय ज्ञान प्रणालियों और समाज के सतत विकास से जोड़ा। उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति के महत्व और मानव के समग्र विकास के साथ मूल्य-आधारित शिक्षा के मिश्रण की चर्चा की। सत्र की अध्यक्षता कुलसचिव प्रो. अरुण कुमार सिंह ने की। सम्मेलन के सहसंयोजक और पं. दीनद्याल उपाध्याय पीठ के अध्यक्ष प्रो. तेजप्रताप सिंह ने स्वागत और आभार प्रकट किया।